महराजगंज: नौतनवा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत हनुमानगढ़िया निवासी मुनीन्द्र नाथ त्रिपाठी ने अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए उनका चयन विधानसभा सचिवालय में समीक्षा अधिकारी (Review Officer) के पद पर हुआ है। उन्होंने प्रदेश स्तर पर 22वीं रैंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया है।
वर्तमान में सिद्धार्थनगर जिले में लेखपाल के पद पर कार्यरत रहे मुनीन्द्र त्रिपाठी ने नौकरी के साथ-साथ अपनी पढ़ाई जारी रखी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया और निरंतर प्रयास करते हुए इस मुकाम तक पहुंचे। उनकी सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियां भी मजबूत इरादों के आगे बाधा नहीं बन पातीं।
मुनीन्द्र त्रिपाठी की प्रारंभिक शिक्षा पंडित मुक्तिनाथ जूनियर हाईस्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने नौतनवा इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट तथा राजीव गांधी महाविद्यालय, ललाईन पैसिया से बीएससी की डिग्री प्राप्त की। उनके पिता राधेश्याम त्रिपाठी एक शिक्षक हैं, जिनका मार्गदर्शन और परिवार का सहयोग उनकी सफलता में महत्वपूर्ण रहा।
उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, मित्रों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मुनीन्द्र त्रिपाठी की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता अवश्य मिलती है।


