Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

रामपुर बोर्ड रिजल्ट में छात्राओं का दबदबा, शिक्षामित्र की बेटियों ने दिखाया हुनर, मेहनत से हासिल की बड़ी सफलता

रामपुर बोर्ड रिजल्ट में छात्राओं का दबदबा, शिक्षामित्र की बेटियों ने दिखाया हुनर, मेहनत से हासिल की बड़ी सफलता

रामपुर: जनपद में वर्ष 2026 के हाई स्कूल परीक्षा परिणाम घोषित होते ही खुशी की लहर दौड़ गई। इस वर्ष जिले का कुल परीक्षा परिणाम 83.33 प्रतिशत रहा, जो प्रदेश के औसत के करीब माना जा रहा है। शिक्षा विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार कुल 25,517 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 23,823 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,694 छात्र अनुपस्थित रहे। परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों में से 21,445 छात्र-छात्राएं सफल घोषित किए गए।

इस वर्ष के परिणाम में छात्राओं का प्रदर्शन विशेष रूप से उत्कृष्ट रहा। गुंजन कश्यप ने 83.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि उनकी सगी बहन भूमि कश्यप ने 76.22 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। दोनों बहनों ने भारती पब्लिक इंटर कॉलेज, मुरसेना (तहसील सदर, रामपुर) का नाम रोशन किया है।

दोनों छात्राओं के पिता जवेश राम, जो एक शिक्षामित्र हैं, ने अपनी बेटियों को कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ पढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि से ग्राम पंचायत बगड़खा, ब्लॉक सैदनगर और पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।

अपनी सफलता पर गुंजन कश्यप ने कहा कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखेंगी और भविष्य में पुलिस अधिकारी बनना चाहती हैं। वहीं भूमि कश्यप ने बताया कि वह अपनी लगन और मेहनत के बल पर जीवन में बड़ा मुकाम हासिल कर अपने क्षेत्र और जिले का नाम रोशन करना चाहती हैं।

इसके अलावा, इंटरमीडिएट परीक्षा में सिमरन दिवाकर ने 76.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर वीरांगना इंटर कॉलेज, थूनापुर का नाम रोशन किया।

ग्रामीणों और अभिभावकों ने इन छात्राओं की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। बेटियों की इस कामयाबी से पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है और लोगों का कहना है कि यह सफलता शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का परिणाम है।

Related Articles

error: Content is protected !!