महराजगंज: सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में रहसुगुरु धाम, पनियरा में रविवार को एक भव्य एवं गरिमामय हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में साधु-संतों, महात्माओं, गायत्री परिवार के सदस्यों तथा सकल हिंदू समाज से जुड़े हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरा आयोजन राष्ट्रभक्ति, सनातन चेतना और सामाजिक एकता के संदेश से ओत-प्रोत रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर कौशलेन्द्र गिरि जी महाराज (श्री नाथ मठ, रसड़ा) रहे, जबकि मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक श्री राजीव नयन जी उपस्थित रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता श्री गिरिधारी जी महाराज ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य संत-महात्माओं द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर किया गया।
मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर कौशलेन्द्र गिरि जी महाराज ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि
“जब हिंदू समाज संगठित होगा, तभी एक समर्थ और सशक्त भारत का निर्माण संभव है।”
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराएं और पौराणिक मूल्य हमारी पहचान हैं, जो सदियों से राष्ट्र को दिशा देते आ रहे हैं। समाज को पंथ-मजहब के नाम पर बाँटने के प्रयास होते रहे हैं, किंतु हिंदुत्व एक ऐसी जीवन परंपरा है जो द्वेष नहीं, बल्कि मानवता और राष्ट्र एकता का संदेश देती है।

मुख्य वक्ता श्री राजीव नयन जी ने अपने संबोधन में कहा कि
“हिंदू समाज की एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। जब समाज संगठित, जागरूक और आत्मविश्वासी होता है, तब कोई भी विघटनकारी शक्ति राष्ट्र की प्रगति को रोक नहीं सकती।”
उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति केवल आस्था नहीं, बल्कि जीवन का वह मार्ग है जो व्यक्ति को कर्तव्य, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रभक्ति का बोध कराता है।
श्री नयन जी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी संस्कृति और परंपराओं को आत्मसात करते हुए समाज सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।

अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री गिरिधारी जी महाराज ने कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए हिंदू समाज को आपसी समन्वय और संगठन के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता ही किसी भी राष्ट्र की स्थायी शक्ति होती है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का संचालन जीवेश मिश्रा ने किया।
रामकुमार इंटर कॉलेज, बाबू गुलाबदास नेशनल पब्लिक स्कूल, सत्य प्रकाश नेशनल पब्लिक स्कूल सहित अन्य विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर समिति के सचिव भोला, महामंत्री दिलीप, विनय, रामचंद्र, विकेंद्र, दीपक, योगेंद्र, अरविंद, संदीप, अनूप, अशोक, सुनील, हेमंत, अमृत, अर्जुन, उमाशंकर पांडेय, दुर्गेश, शैलेश, विजय, ज्ञानेंद्र सिंह, निर्भय, उमेश, महेंद्र प्रताप सिंह, वेद प्रकाश शुक्ला, राजेश सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


