बुलंदशहर: जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से एक किशोरी के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर एक युवक अपने साथ ले गया है।
परिजनों के अनुसार, 18 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 10 बजे किशोरी घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका।
जांच-पड़ताल के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि कोतवाली क्षेत्र के ही एक गांव का युवक, जो वर्तमान में दिल्ली में रहता है, किशोरी को अपने साथ ले गया है। आरोप है कि उक्त युवक पूर्व में जहांगीराबाद क्षेत्र में लगे एक मेले के दौरान किशोरी से जबरन बातचीत करता था और विरोध करने पर धमकी भी देता था।
पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि किशोरी घर से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद भी साथ ले गई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। परिजनों का कहना है कि जब इस संबंध में युवक के परिजनों से संपर्क किया गया तो उन्हें भी धमकियां दी गईं, जिससे परिवार भयभीत है और किसी अनहोनी की आशंका जता रहा है।
पीड़ित पिता ने पुलिस से किशोरी को सकुशल बरामद करने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। किशोरी की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।


