Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

Maharajganj: घरेलू विवाद से परेशान युवक टावर पर चढ़ा, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस की सूझबूझ से टला हादसा

Maharajganj: घरेलू विवाद से परेशान युवक टावर पर चढ़ा, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस की सूझबूझ से टला हादसा

महराजगंज: पनियरा थाना क्षेत्र के सतगुर बाजार में शनिवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक पारिवारिक विवाद से परेशान होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक अपनी पत्नी और बच्चे को वापस बुलाने की मांग को लेकर टावर के ऊपर पहुंच गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

मोबाइल टॉवर पर चढ़ा युवक

जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत मुजुरी निवासी 26 वर्षीय गौतम पुत्र जितेंद्र पासवान घरेलू विवाद के चलते मानसिक तनाव से गुजर रहा था। बताया जाता है कि कुछ समय पहले उसकी पत्नी अपनी बच्ची के साथ मायके चली गई थी और उससे संपर्क भी बंद कर दिया था। युवक को यह जानकारी भी मिली कि पत्नी मायके में मौजूद नहीं है, जिसके बाद वह और अधिक परेशान हो गया।

मौके पर मौजूद पुलिस

काफी प्रयासों के बावजूद पत्नी से संपर्क न हो पाने पर युवक ने भावनात्मक आवेश में आकर पास के गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठा लिया। टावर पर चढ़कर वह पत्नी और बच्चे को वापस बुलाने की मांग करने लगा। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। युवक काफी ऊंचाई पर पहुंच चुका था और नीचे कूदने की चेतावनी दे रहा था। ऐसे में पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयम बरतते हुए उसे समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक बातचीत और भरोसा दिलाने के बाद युवक आखिरकार टावर से नीचे उतर आया।

इस मामले पर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि युवक सफाई कर्मी है और उसकी शादी संतकबीरनगर जनपद के मेहदावल क्षेत्र में हुई थी। पत्नी के लापता होने की सूचना के बाद वह मानसिक रूप से परेशान था। फिलहाल युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है तथा आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!