Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

सड़क हादसों पर लगेगा ब्रेक! गाजियाबाद में डीएम ने कसी अधिकारियों पर लगाम, एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश

सड़क हादसों पर लगेगा ब्रेक! गाजियाबाद में डीएम ने कसी अधिकारियों पर लगाम, एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश

गाजियाबाद: सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और आमजन की सुविधाओं को बेहतर करने को लेकर अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने जानकारी दी कि जनपद में चिन्हित 22 ब्लैक स्पॉट में से 17 स्थानों पर सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य पूरे किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेष ब्लैक स्पॉट लोनी बस स्टैंड और जोहरी एन्क्लेव मेट्रो स्टेशन पर मार्ग निर्माण कार्य पूरा होते ही सुरक्षा संबंधी कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराए जाएं।

इसके अलावा मोहननगर चौराहा एवं वैशाली मेट्रो स्टेशन ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि का प्रस्ताव प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं कौशांबी बस स्टैंड क्षेत्र में नगर निगम को जल्द सुरक्षा संबंधी कार्य शुरू करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने शहर में बढ़ती जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम को अवैध पार्किंग बंद कराने और प्रमुख चौराहों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में एनएचएआई को टोल प्लाजा के समीप स्थित शौचालयों की नियमित सफाई कराने और उन्हें आमजन के लिए हर समय खुला रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटना की स्थिति में एम्बुलेंस को 30 मिनट के भीतर घटनास्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

नगर निगम, एनएचएआई एवं जिला पंचायत को सड़कों के किनारे लगे अवैध होर्डिंग हटाने और दिशा-सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं हिंडन से दिल्ली जाने वाले वीआईपी मार्ग पर भी संकेतक बोर्ड लगाए जाने को कहा गया।

यूपी रोडवेज को बस पार्किंग स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, बस स्टैंडों पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और कार्ययोजना तैयार कर जिलाधिकारी कार्यालय को सौंपने के निर्देश दिए गए। आरटीओ विभाग को ट्रांसपोर्ट यूनियनों के सहयोग से सभी व्यावसायिक वाहनों में एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने की प्रक्रिया पूर्ण कराने को कहा गया।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिन वाहनों पर पांच से अधिक चालान लंबित हैं, उनके विरुद्ध लाइसेंस निरस्तीकरण और वाहन सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बार-बार सड़क दुर्घटनाओं में शामिल वाहनों के चालकों के लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश भी जारी किए गए।

author

Related Articles

error: Content is protected !!