Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

भीषण गर्मी के बीच डीएम अलर्ट मोड पर, बिजली कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण, उपभोक्ताओं से फोन पर लिया फीडबैक

भीषण गर्मी के बीच डीएम अलर्ट मोड पर, बिजली कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण, उपभोक्ताओं से फोन पर लिया फीडबैक

गाजियाबाद: जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते बिजली लोड को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। आमजन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने शुक्रवार को राजनगर स्थित विद्युत विभाग के कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में संचालित शिकायत प्रबंधन प्रणाली, कॉल रिस्पॉन्स व्यवस्था और बिजली आपूर्ति की मॉनिटरिंग प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को गर्मी के मौसम में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीएम ने कहा कि बिजली कटौती, फॉल्ट या तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

इस दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को जानकारी दी कि अत्यधिक गर्मी और बढ़ती बिजली खपत को ध्यान में रखते हुए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां 24 घंटे निगरानी व्यवस्था लागू है। साथ ही ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों की नियमित जांच एवं मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे तकनीकी खामियों को समय रहते दूर किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने दो बिजली उपभोक्ताओं से फोन पर सीधी बातचीत कर शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। उपभोक्ताओं ने विभाग की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बताया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपदवासियों को सुचारु एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विद्युत कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर:
📞 9193320115
📞 9193320002

author

Related Articles

error: Content is protected !!