Hindi Express News
  • June 11, 2026
  • Last Update June 10, 2026 11:53 AM
  • Lucknow

दिल्ली-एनसीआर में बाइक चोरी करने वाला गैंग बेनकाब, 18 चोरी के वाहन संग दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली-एनसीआर में बाइक चोरी करने वाला गैंग बेनकाब, 18 चोरी के वाहन संग दो आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद: लोनी क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना अंकुर विहार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एनसीआर में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 18 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें मोटरसाइकिलें, स्कूटी और एक विक्की वाहन शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमजद पुत्र चांद बाबू (25 वर्ष) निवासी प्रेमनगर, थाना लोनी और बिलाल पुत्र रहीसुद्दीन (22 वर्ष) निवासी नसरबंदी कॉलोनी, डाबर तालाब, थाना अंकुर विहार के रूप में हुई है। दोनों को थाना क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया।

चोरी के 18 वाहन बरामद

एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 12 मोटरसाइकिल, 5 स्कूटी और 1 विक्की वाहन सहित कुल 18 चोरी के वाहन बरामद किए हैं। इनमें से 5 वाहन थाना अंकुर विहार क्षेत्र से चोरी हुए थे, जबकि अन्य वाहनों के संबंध में दिल्ली और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।

दिल्ली-यूपी में फैला चोरी का नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी माजिद के साथ मिलकर दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था और मौका मिलने पर उन्हें बेच दिया जाता था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे चोरी की बाइक बेचने की फिराक में निकले थे, लेकिन पुलिस चेकिंग के दौरान पकड़ लिए गए। एक बाइक उन्होंने करीब एक माह पहले डीएलएफ क्षेत्र से चोरी की थी।

फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार गिरोह का तीसरा सदस्य माजिद पुत्र शौकीन, निवासी प्रेमनगर, लोनी फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ दिल्ली और गाजियाबाद के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट और बरामदगी से जुड़े कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इस मामले में थाना अंकुर विहार में बीएनएस की धारा 317(2), 317(5) एवं 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

author

Related Articles

error: Content is protected !!