महराजगंज: पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़वार में वाहन स्वामित्व को लेकर विवाद का मामला प्रकाश में आया है। उक्त गांव की निवासी शबनम खातून ने आरोप लगाया है कि भरण-पोषण राशि की वसूली से बचने के लिए कूट रचित तरीके से उनके पति के नाम दर्ज बाइक को दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर करा दिया गया। मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी उसी गांव के निवासी जैश अली के साथ हुई थी। आरोप है कि वैवाहिक विवाद के बाद पति ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं, बाद में दूसरी शादी भी कर ली। इस संबंध में पहले से थाना स्तर पर मामला दर्ज है।
महिला ने बताया कि न्यायालय ने भरण-पोषण के रूप में प्रतिमाह पांच हजार रुपये देने का आदेश पारित किया था। बकाया राशि करीब 35 हजार रुपये होने पर पारिवारिक न्यायालय द्वारा वसूली के लिए पति के नाम दर्ज बाइक की कुर्की का आदेश जारी किया गया।
आरोप है कि कुर्की की कार्रवाई शुरू होने से पहले ही सास अलीमुन निशा ने अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित रूप से फर्जी तरीके से बाइक का स्वामित्व बदलवा दिया। महिला का कहना है कि वाहन मूल रूप से उनके पति जैश अली के नाम दर्ज था, लेकिन उसे उनके जेठ फैयाद के नाम ट्रांसफर करा दिया गया, जबकि पति पिछले आठ महीनों से विदेश में रहकर काम कर रहे हैं।
इस मामले पर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अलीमुन निशा, फैयाद, नूरूल, मोहर्रम और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


