गाजियाबाद: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मतदाताओं से अपील की है कि वे गणना प्रपत्र भरकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश दिनांक 27 अक्टूबर 2025 के क्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत 24 नवम्बर 2025 (सोमवार) को विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान प्रत्येक बी.एल.ओ. अपने-अपने मतदेय स्थल क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने में सहायता प्रदान करेंगे एवं भरे हुए प्रपत्रों को एकत्र कर डिजिटाइज करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई मतदाता अपना गणना प्रपत्र बी.एल.ओ. को उपलब्ध नहीं कराता है तो वह अनुपस्थित श्रेणी में माना जाएगा और उसका नाम मतदाता सूची से कट सकता है।
उन्होंने कहा कि फार्म के साथ किसी भी प्रकार के दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यह कार्य लोकतंत्र में सहभागी बनने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए लापरवाही न बरतें और बी.एल.ओ. द्वारा दिए गए प्रपत्र को भरकर अवश्य जमा करें।


