सहारनपुर: आजाद समाज पार्टी (आसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद के मेरठ जाने की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। देर रात से ही पुलिस ने उनके सहारनपुर स्थित आवास के बाहर डेरा डाल दिया। वहीं, सुबह कई थानों की फोर्स के साथ एसपी देहात सागर जैन भी मौके पर पहुंचे और सांसद से वार्ता की।

महासचिव की गिरफ्तारी बनी वजह
दो दिन पहले आसपा के राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र भाटी को मेरठ के दादरी मंडोरा क्षेत्र से पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी को लेकर सांसद चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार को मेरठ जेल जाकर भाटी से मुलाकात का कार्यक्रम घोषित किया था। इस संबंध में पार्टी ने अपने फेसबुक पेज पर जानकारी भी साझा की थी।
आधी रात से तैनात रही पुलिस
फतेहपुर की हरिजन कॉलोनी स्थित सांसद आवास पर आधी रात के बाद से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बृहस्पतिवार सुबह बिहारीगढ़ और नागल थानाध्यक्ष भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। इसके बाद एसपी देहात सागर जैन छुटमलपुर पहुंचे और सांसद से बात की। थोड़ी देर वार्ता के बाद पुलिस बल को वहां से हटा लिया गया।

आजाद बोले-हिरासत से नहीं डरते
पुलिस की हलचल और गिरफ्तारी की आशंका के बीच सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश से वह डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने साफ कहा कि वह हर हाल में मेरठ जाएंगे।
समर्थकों का जुटना शुरू
पुलिस की मौजूदगी की खबर मिलते ही सांसद के आवास पर समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। इस दौरान भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन, आसपा जिलाध्यक्ष सचिन खुराना, पूर्व जिलाध्यक्ष रोहित राज गौतम, काशी मौर्य, विधिक सलाहकार संदीप कांबोज और प्रदेश सचिव सचिन एडवोकेट सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस का बयान
एसपी देहात सागर जैन ने स्पष्ट किया कि सांसद चंद्रशेखर आजाद को हिरासत में नहीं लिया गया है। पुलिस केवल उनके कार्यक्रम की जानकारी लेने गई थी।


