बुलंदशहर: नगर पंचायत बुगरासी ने रविवार को कस्बे में तालाबों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए सख्त अभियान चलाया। बस स्टैंड के समीप स्थित तालाब पर वर्षों से बनी अवैध दुकानों को नगर पंचायत की टीम ने बुलडोजर की मदद से हटाकर तालाब को कब्जा मुक्त कराया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब की भूमि पर अवैध निर्माण होने के कारण जल निकासी बाधित हो रही थी। बरसात के मौसम में पानी सड़कों और नालियों में भर जाता था, जिससे आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। नगर पंचायत की इस कार्रवाई से लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

कार्रवाई के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ओम लोधी ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित सभी तालाबों को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तालाब प्राकृतिक जल संरक्षण का अहम साधन हैं और इनके अस्तित्व से ही कस्बे की जल व्यवस्था और स्वच्छता जुड़ी हुई है।
अध्यक्ष ने कहा, “नगर पंचायत के किसी भी तालाब पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तालाबों को मुक्त कराने का उद्देश्य कस्बे को जलभराव से बचाना और पर्यावरण संतुलन बनाए रखना है। आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाई और तेज की जाएगी।”
नगर पंचायत की इस पहल को लेकर अधिकांश कस्बावासियों ने इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया और उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र की साफ-सफाई और जल प्रबंधन व्यवस्था में सुधार होगा।


