Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

अकटहवा पुल पर मारपीट और फायरिंग का मामला, एसपी गोरखपुर समेत कई अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, पीपीगंज थाना प्रभारी लाइन हाजिर

अकटहवा पुल पर मारपीट और फायरिंग का मामला, एसपी गोरखपुर समेत कई अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, पीपीगंज थाना प्रभारी लाइन हाजिर

महराजगंज/गोरखपुर: पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम डोमरा स्थित अकटहवा छठ घाट पर सोमवार को दो गुटों में हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद मारपीट और फायरिंग की घटना में सात लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गोरखपुर और महराजगंज दोनों जिलों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया।

घटना स्थल की जांच के दौरान यह इलाका पीपीगंज थाना क्षेत्र में पाया गया। मंगलवार को गोरखपुर एसपी नार्थ जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, सीओ कैम्पियरगंज विवेक तिवारी, सीओ सदर महराजगंज जयप्रकाश त्रिपाठी, पीपीगंज एसओ प्रभुदयाल सिंह, कैम्पियरगंज एसओ राकेश सिंह और पनियरा एसओ आशीष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घंटों तक घटनास्थल और आसपास के गांवों में पड़ताल की तथा आरोपियों की तलाश में कई जगह छापेमारी की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं और एक युवक को हिरासत में लिया गया है। सोमवार को भी एक युवक को पूछताछ के लिए उठाया गया था। लगातार चल रही पुलिस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है। देर शाम तक एसपी नार्थ के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में डटी रही और संभावित आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देती रही।

इस घटना के बाद पीपीगंज थाना प्रभारी प्रभुदयाल सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक युवक को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है। पनियरा थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने बताया कि घटना स्थल पीपीगंज थाना क्षेत्र में है, लेकिन पनियरा पुलिस ने गोरखपुर पुलिस की जांच में पूरा सहयोग किया है।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!