Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

कानून से खिलवाड़ पड़ा भारी, पटाखा छोड़ने वाली बाइकों पर पुलिस ने लिया एक्शन, स्टंटबाज़ों में मचा हड़कंप

कानून से खिलवाड़ पड़ा भारी, पटाखा छोड़ने वाली बाइकों पर पुलिस ने लिया एक्शन, स्टंटबाज़ों में मचा हड़कंप

बुलंदशहर: जहांगीराबाद नगर क्षेत्र में मोटरसाइकिल और बुलेट से पटाखे जैसी तेज आवाज़ निकालकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली ऐसी हरकतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो बाइकों को सीज कर दिया है। इस कार्रवाई से स्टंटबाज़ युवाओं में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार साइलेंसर में छेड़छाड़ कर पटाखे जैसी आवाज़ निकालना न सिर्फ मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम नागरिकों खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं में भय का माहौल बनता है। साथ ही, ऐसी हरकतें किसी भी समय बड़ी सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती हैं।

चौकी प्रभारी दीपक चाहर ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अब इस तरह की गतिविधियों पर कोई रियायत नहीं दी जाएगी। यदि कोई भी बाइक या बुलेट मॉडिफाइड साइलेंसर, पटाखे छोड़ते हुए या स्टंट करते हुए पकड़ी जाती है, तो वाहन को मौके पर ही सीज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि नगर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की नियमित गश्त और विशेष निगरानी जारी है। पुलिस की टीमें उन युवाओं पर खास नजर रख रही हैं, जो तेज रफ्तार और शोर के जरिए कानून को चुनौती देने की कोशिश करते हैं।

चौकी प्रभारी ने युवाओं से अपील की कि सोशल मीडिया पर दिखावे और सस्ते रोमांच के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान खतरे में न डालें। कानून सभी के लिए बराबर है और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।

वहीं, स्थानीय नागरिकों पिंटू सैनी, विशाल सैनी और तुषार गर्ग ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि पटाखे जैसी आवाज़ों से लोग लंबे समय से परेशान और भयभीत थे। पुलिस की सख्ती से अब सड़कों पर अनुशासन, सुरक्षा और शांति कायम होने की उम्मीद जगी है।

Related Articles

error: Content is protected !!