महराजगंज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित संयुक्त राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) प्रारंभिक परीक्षा 2025 रविवार को जनपद में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा को सकुशल एवं निष्पक्ष रूप से आयोजित कराने के लिए जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने थाना चौक और थाना भिटौली क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दिग्विजय नाथ इंटर कॉलेज (थाना चौक) तथा शिव जपत सिंह जनता इंटर कॉलेज, भिटौली का दौरा कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर की गई तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम
पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है। प्रत्येक अभ्यर्थी को प्रवेश के समय एडमिट कार्ड, फोटो पहचान पत्र और आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन पूर्ण सतर्कता बरत रहा है। थाना चौक सहित जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
अभ्यर्थियों से अपील
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें, शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही परीक्षा के दौरान नियमों का पालन करते हुए प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।


