गाजियाबाद: कलेक्ट्रेट कार्यालय में गुरुवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने प्रतिदिन की तरह जनसुनवाई आयोजित की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त हुईं। नगर निगम, पुलिस विभाग, जीडीए, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग से जुड़े प्रार्थना पत्रों को जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुना और हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी माँदड़ ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि “किसी भी सरकारी भूमि—चाहे वह तालाब, पार्क, नदी या ग्रीन बेल्ट हो—पर अवैध कब्जा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्थान पर अवैध कब्जा पाया गया तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जनपद में ग्रेप की स्टेज—3 लागू है, इसलिए प्रदूषण नियंत्रण के सभी नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति या संस्था प्रदूषण फैलाने में लिप्त पाई जाएगी, उसके खिलाफ चालान समेत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए और समाधान के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना अनिवार्य किया जाए। डीएम ने कहा कि “जनसुनवाई का उद्देश्य जनता की समस्याओं का ईमानदार समाधान है, किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
इस अवसर पर एडीएम एल/ए विवेक मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, आईएएस अयान जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


