लखनऊ: राजधानी के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित प्रदेश स्तरीय 28वीं उत्तर प्रदेश वन खेलकूद प्रतियोगिता में महराजगंज जनपद के पनियरा रेंज के दौलतपुर बीट में तैनात वनरक्षक आलोक कुमार यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारोत्तोलन में दो स्वर्ण पदक जीते। साथ ही उन्हें प्रतियोगिता का वेस्ट स्ट्रॉन्ग मैन घोषित किया गया।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आलोक यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आलोक कुमार यादव वर्ष 2020 में वनरक्षक पद पर तैनात हुए थे। वे बचपन से ही कुश्ती और खेलकूद में रुचि रखते रहे हैं। उन्होंने बताया कि हालांकि वन खेलकूद प्रतियोगिता में कुश्ती का खेल शामिल नहीं था, इसलिए उन्होंने अपना पूरा ध्यान भारोत्तोलन पर केंद्रित किया और कठिन परिश्रम के बल पर यह सफलता हासिल की।
उनकी इस उपलब्धि से परिवार, सहकर्मियों और विभाग में खुशी की लहर दौड़ गई है।
इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी पनियरा जगदंबा पाठक, वन दरोगा मनीष तिवारी, अजीतपति त्रिपाठी, उच्च क्षेत्राधिकारी डी.डी. राय, वन दरोगा प्रवीण सिंह, वनरक्षक विशाल गौड़, सिद्धांत तिवारी समेत अन्य वनकर्मियों ने उन्हें बधाई दी।
आलोक का कहना है कि उनका अगला लक्ष्य ओलंपिक स्तर पर देश के लिए पदक जीतना है, ताकि उत्तर प्रदेश वन विभाग का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया जा सके।


