गाजियाबाद: सरकारी कार्यों के नाम पर सक्रिय दलालों और अनाधिकृत व्यक्तियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सरकारी कार्यालयों में घूमकर जनता से अवैध धन की मांग करने वाले दलालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा न जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि परिवहन विभाग, विकास भवन, तहसील, कलेक्ट्रेट, नगर निगम, चिकित्सा, शिक्षा, अग्निशमन सहित अन्य विभागों में ड्राइविंग लाइसेंस, पेंशन, छात्रवृत्ति, प्रमाण पत्र, लाइसेंस एवं अन्य सरकारी सेवाओं के नाम पर कुछ अनाधिकृत लोग सक्रिय हैं। ये दलाल आम नागरिकों को झूठे आश्वासन देकर काम जल्दी कराने का लालच देते हैं और अवैध रूप से धन की मांग करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से आम जनता का शोषण हो रहा है और सरकारी कार्यालयों की पारदर्शिता एवं निष्पक्ष कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लग रहा है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जनता से सीधी अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे किसी भी सरकारी कार्य के लिए किसी दलाल या अनाधिकृत व्यक्ति को पैसा न दें। यदि कोई व्यक्ति सरकारी काम कराने के नाम पर धन की मांग करता है या कार्यालयों में संदिग्ध रूप से घूमता पाया जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित कार्यालयाध्यक्ष या प्रशासन को दें।
दलालों को सख्त चेतावनी
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति सरकारी कार्य कराने के नाम पर जनता से अवैध धन मांगते हुए पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे ऐसे तत्वों पर पैनी नजर रखें और निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को पूरी तरह पारदर्शी, सरल और जनता के हित में बनाए रखना है तथा दलालों के लिए जनपद में कोई स्थान नहीं रहेगा।


