गाजियाबाद: पुलिस उपायुक्त ग्रामीण कमिश्नरेट गाजियाबाद सुरेन्द्र नाथ तिवारी के नेतृत्व में ग्रामीण जोन पुलिस ने जनशिकायत निस्तारण और अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता दर्ज की है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त ग्रामीण द्वारा एक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीण जोन के सभी सहायक पुलिस आयुक्तों एवं थाना प्रभारियों ने भाग लिया।

गोष्ठी के दौरान पुलिस उपायुक्त ग्रामीण ने अपराधों की रोकथाम, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, जनशिकायतों के गुणवत्तापरक समाधान तथा पुलिसिंग को और अधिक संवेदनशील एवं प्रभावी बनाने के लिए स्पष्ट व सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।
IGRS निस्तारण में उपलब्धि
ग्रामीण जोन के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय रहा कि “IGRS निस्तारण माह जनवरी 2026” में ग्रामीण जोन के सभी 09 थानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर पुलिस उपायुक्त ग्रामीण द्वारा संबंधित सहायक पुलिस आयुक्तों, थाना प्रभारियों एवं IGRS कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित थानों का नाम
इस उपलब्धि में जिन थानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उनमें थाना लोनी, ट्रोनिका सिटी, अंकुर विहार, लोनी बॉर्डर, मोदीनगर, निवाड़ी, भोजपुर, मसूरी एवं मुरादनगर शामिल हैं।
IGRS कर्मियों की भूमिका सराहनीय
माह जनवरी 2026 में समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापरक निस्तारण, साथ ही जांच आख्या को ऑनलाइन अपलोड करने में उत्कृष्ट योगदान देने पर म०मु०आ० भूपेन्द्री एवं म०आ० निर्देश चौधरी को विशेष रूप से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
ग्रामीण जोन स्तर पर विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, अभियुक्तों की गिरफ्तारी, धारा-34 पुलिस अधिनियम के अंतर्गत चालान, पासपोर्ट सत्यापन, अपराधियों के सत्यापन एवं कार्यसरकार में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 05 BSI एवं 04 BPO को “COP OF THE MONTH” घोषित किया गया। पुलिस उपायुक्त ग्रामीण ने सभी चयनित पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई
थाना मसूरी की साइबर टीम ने माह जनवरी 2026 में सर्वाधिक 55 मोबाइल फोन बरामद कर साइबर अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए
प्रभारी निरीक्षक मसूरी अजय चौधरी एवं साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी अरुण कुमार को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अंत में पुलिस उपायुक्त ग्रामीण ने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान, निष्पक्ष पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्रामीण जोन पुलिस आने वाले समय में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।


