मुंबई: भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज Hit-Man रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक नई ऊंचाई छूने के कगार पर हैं। ‘हिटमैन’ बहुत जल्द उन चुनिंदा भारतीय बल्लेबाज़ों की सूची में शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने अपने करियर में 20,000 अंतरराष्ट्रीय रन का शानदार आंकड़ा पार किया है। यह उपलब्धि अब तक केवल तीन भारतीय दिग्गज- सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ को ही हासिल हुई है।

सिर्फ 98 रन का इंतज़ार
रोहित शर्मा के खाते में इस समय 19,902 अंतरराष्ट्रीय रन दर्ज हैं। यानी वे इस उपलब्धि से केवल 98 रन दूर हैं। 502 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके रोहित शर्मा ने टेस्ट में 4,301, वनडे में 11,370 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 4,231 रन बनाए हैं। टेस्ट और टी20आई से संन्यास लेने के बाद रोहित फिलहाल सिर्फ वनडे फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टिकीं निगाहें
भारत 30 नवंबर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने जा रहा है। रांची के JSCA स्टेडियम में होने वाले पहले मुकाबले में उनके प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेली गई उनकी नाबाद 121* रन की धुआंधार पारी ने एक बार फिर उनकी फॉर्म को साबित किया था। अब सभी क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस बात पर हैं कि क्या रोहित इस सीरीज में इतिहास रच पाएंगे?
सर्वकालिक भारतीय रन-स्कोरर्स की सूची
भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में सचिन तेंदुलकर 34,357 रन के साथ शीर्ष पर हैं। उनके बाद विराट कोहली के नाम 27,673 रन और राहुल द्रविड़ के नाम 24,064 रन दर्ज हैं। रोहित शर्मा इस लिस्ट में 20,000 रनों के साथ चौथे भारतीय खिलाड़ी बनने के बेहद करीब हैं।
किंग कोहली पर भी होंगी नजरें
रोहित शर्मा की तरह विराट कोहली भी इस वनडे सीरीज में मैदान पर वापसी करेंगे। हालाकिं ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कोहली दो मैचों में शून्य पर आउट हो गये थे। वहीँ दक्षिण अफ्रीका के साथ पिछली घरेलू टेस्ट सीरीज में 2-0 की हार के बाद भारतीय टीम इस दौरे पर अपना खोया आत्मविश्वास वापस हासिल करना चाहेगी। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि रोहित और कोहली की साझेदारी भारत को मजबूत शुरुआत दिला सकती है।


