Hindi Express News
  • 20/04/2026
  • Last Update 19/04/2026 9:29 pm
  • Lucknow

संतकबीरनगर में भीषण सड़क हादसा, लखनऊ से लौट रहे कुशीनगर के दो पत्रकारों की मौत, जिले भर में दौड़ी शोक की लहर

संतकबीरनगर में भीषण सड़क हादसा, लखनऊ से लौट रहे कुशीनगर के दो पत्रकारों की मौत, जिले भर में दौड़ी शोक की लहर

कुशीनगर: सोमवार को कुशीनगर जनपद के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सड़क दुर्घटना में जिले के दो वरिष्ठ पत्रकारों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पत्रकार जगत के साथ-साथ पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ पड़ी।

मृतक पत्रकार (फाइल फोटो)

मिली जानकारी के मुताबिक कुशीनगर जिले के वरिष्ठ पत्रकार शंभू मिश्रा (निवासी खड्डा) और धनंजय पांडेय (निवासी नेबुआ नौरंगिया) लखनऊ में आयोजित हिंदी पत्रकार एसोसिएशन की बैठक में शामिल होकर देर रात अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ वाहन में पत्रकार रमन और सुदेश भी मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि जब उनकी गाड़ी संतकबीरनगर जिले के मगहर के पास नेशनल हाईवे पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों लोग वाहन में ही फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, टोल कर्मी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद वाहन का दरवाजा काटकर सभी को बाहर निकाला गया। इस दौरान गाड़ी की आगे वाली सीट पर बैठे शंभू मिश्रा और धनंजय पांडेय की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि पीछे बैठे रमन और सुदेश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जैसे ही यह दुखद सूचना परिजनों और पत्रकारों तक पहुंची, पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। अचानक हुई इस घटना ने पत्रकारिता जगत को गहरा आघात पहुंचाया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और साथी पत्रकार भी स्तब्ध हैं।

स्थानीय प्रशासन, परिजन और पत्रकार लगातार संतकबीरनगर प्रशासन के संपर्क में बने हुए हैं। खबर लिखे जाने तक दोनों दिवंगत पत्रकारों के शव उनके गृह जनपद नहीं पहुंच सके थे।

author

Related Articles

error: Content is protected !!