गाजियाबाद: लोनी क्षेत्र की नाईपुरा कॉलोनी में एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जब वीडियो गेम खेलने के दौरान हुए झगड़े ने एक किशोर की जान ले ली। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों नाबालिग आपस में अच्छे दोस्त थे और अक्सर साथ में वीडियो गेम खेलते थे। लेकिन गेम में जीत-हार को लेकर उनके बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी। धीरे-धीरे यह विवाद रंजिश में बदल गया।
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम को एक बार फिर दोनों के बीच गेम को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि एक 14 वर्षीय नाबालिग ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया और अपने दोस्त फैजान पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल फैजान मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे पास के अस्पताल पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


