Hindi Express News
  • 20/04/2026
  • Last Update 19/04/2026 9:29 pm
  • Lucknow

गाजियाबाद में जनता दर्शन बना राहत का जरिया, डीएम की पहल से बदली महिला की जिंदगी, इलाज के लिए मिली सहायता

गाजियाबाद में जनता दर्शन बना राहत का जरिया, डीएम की पहल से बदली महिला की जिंदगी, इलाज के लिए मिली सहायता

गाजियाबाद: कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। कार्यक्रम में राजस्व, जीडीए, नगर निगम, विद्युत, स्वास्थ्य और निर्माण विभाग से जुड़ी बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त हुईं।

प्रार्थिनी ओमकारी

जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री स्तर से “जनता दर्शन” कार्यक्रम की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जन शिकायतें सुनें और जूम के माध्यम से ऑनलाइन भी उपलब्ध रहें।

कार्यक्रम के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी स्वयं जूम के माध्यम से अधिकारियों से संवाद कर शिकायतों की जानकारी साझा करते हुए समाधान सुनिश्चित कराते नजर आए।

जनता दर्शन के दौरान एक मानवीय पहल भी देखने को मिली। आकाश नगर निवासी श्रीमती ओमकारी ने अपनी बहू के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की थी। उनकी स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित निर्णय लेते हुए रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उनके परिवार का अन्त्योदय कार्ड और आयुष्मान कार्ड भी बनवाने के निर्देश दिए गए।

सहायता राशि प्राप्त करने के बाद भावुक हुईं ओमकारी ने नम आंखों से जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “डीएम साहब बहुत अच्छे हैं।” इस अवसर पर एडीएम (एफ/आर) सौरभ भट्ट, एडीएम (एल/ए) अवनीश सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

author

Related Articles

error: Content is protected !!