लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस तबादला सूची में देवरिया, सुल्तानपुर, कानपुर देहात, मथुरा सहित कई जिलों और महत्वपूर्ण विभागों में नई नियुक्तियां की गई हैं।

जारी आदेश के अनुसार आईएएस प्रत्यूष पांडेय को विशेष सचिव, समन्वय विभाग नियुक्त किया गया है। वहीं आईएएस राजेश कुमार सिंह को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) देवरिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के उद्देश्य से आईएएस अंकुर कौशिक को मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण बनाया गया है, जहां वे ग्रामीण इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।
आईएएस विनय कुमार सिंह को सीडीओ, सुल्तानपुर के पद पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही संवेदनशील और महत्वपूर्ण विभाग सिंचाई एवं जल संसाधन में आईएएस श्याम बहादुर सिंह को विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। सरकार का मानना है कि उनके अनुभव से जल प्रबंधन और सिंचाई परियोजनाओं को नई गति मिलेगी।
धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में आईएएस लक्ष्मी एन को मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर एक और अहम बदलाव करते हुए आईएएस विधान जायसवाल को मुख्य विकास अधिकारी, कानपुर देहात की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी हाल के दिनों में दो आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। आईएएस राजेश कुमार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया था, जबकि आईएएस देवी प्रसाद पाल को सीडीओ, चित्रकूट की जिम्मेदारी दी गई थी।
सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार नए साल से पहले कुछ और आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर सकती है। प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।


