Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

कुशीनगर बनेगा प्रेरणा का केंद्र, स्वामी विवेकानन्द जयंती पर जुटेंगे देश के दिग्गज, जानिए कार्यक्रम की ख़ास बातें

कुशीनगर बनेगा प्रेरणा का केंद्र, स्वामी विवेकानन्द जयंती पर जुटेंगे देश के दिग्गज, जानिए कार्यक्रम की ख़ास बातें

कुशीनगर: स्वामी विवेकानन्द की जयंती के अवसर पर आगामी 12 जनवरी 2026 को कुशीनगर जनपद में एक भव्य एवं प्रेरणादायी गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर शनिवार 3 जनवरी को सेवरही विकासखण्ड के ग्राम तरयालछीराम स्थित संकट मोचन धर्मशाला में एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पूर्व विधायक एवं जीवन ज्योति जागृति मिशन के अध्यक्ष पं. नंदकिशोर मिश्र ने पत्रकारों को आमंत्रण पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

पत्रकार राम मिश्र को मिला सम्मान

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पं. नंदकिशोर मिश्र ने कहा कि मानवता के कल्याण हेतु समय-समय पर महान आत्माओं का अवतरण होता रहा है। स्वामी विवेकानन्द ऐसे ही युगपुरुष थे, जिन्होंने अपने ओजस्वी विचारों, तपस्वी जीवन और अद्वितीय राष्ट्रभक्ति से न केवल भारत बल्कि सम्पूर्ण विश्व को सत्य, सेवा, परोपकार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने उस समय भारत को आत्मबल दिया, जब देश विदेशी शक्तियों की गुलामी में जकड़ा हुआ था और समाज नैतिक पतन के दौर से गुजर रहा था।

उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानन्द के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से जीवन ज्योति जागृति मिशन के तत्वावधान में वर्ष 1999 से निरंतर उनकी जयंती का आयोजन किया जा रहा है। सेवरही विकासखण्ड के ग्राम तरयालछीराम स्थित परिसर में स्थापित मंदिर में श्रीरामकृष्ण परमहंस, माँ शारदा और स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमाएँ विराजमान हैं। यह परिसर केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि शैक्षिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी केंद्र बन चुका है।

पं. नंदकिशोर मिश्र ने बताया कि यहाँ संचालित स्वामी विवेकानन्द पुस्तकालय एवं वाचनालय के माध्यम से युवाओं को अध्ययन और मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही परमहंस विद्याभवन नाम से संचालित विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक मान्यता प्राप्त निःशुल्क शिक्षा दी जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। हाईस्कूल तक की मान्यता प्राप्त करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसके अलावा प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग शिक्षण से जुड़े प्रकल्प को भी शीघ्र पूर्ण करने की योजना है।

उन्होंने बताया कि 12 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से आयोजित होने वाली इस भव्य गोष्ठी के मुख्य अतिथि होंगे डॉ. दिनेश शर्मा (पूर्व उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद)। कार्यक्रम में मुख्य मार्गदर्शक के रूप में अनिल जी (क्षेत्र प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पूर्वी उत्तर प्रदेश) उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आर.पी.एन. सिंह, विजय कुमार दूबे, शशांक मणि त्रिपाठी, डॉ. असीम कुमार, शलभ मणि त्रिपाठी, विवेकानन्द पाण्डेय, सुरेन्द्र सिंह कुशवाहा, विनोदशंकर चौबे, शम्भूनाथ, प्रमोद मिश्र तथा दुर्गेश राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल होंगे।

आयोजक पं. नंदकिशोर मिश्र ने युवाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानन्द के विचार आज भी युवाओं के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। यदि युवा उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतार लें, तो समाज और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुँचकर स्वामी विवेकानन्द के विचारों से जुड़ने और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

author

Related Articles

error: Content is protected !!