Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

लोनी में जमीन धोखाधड़ी का मामला उजागर, फर्जी दस्तावेज बनाकर प्लॉट बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार

लोनी में जमीन धोखाधड़ी का मामला उजागर, फर्जी दस्तावेज बनाकर प्लॉट बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद: लोनी पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी के गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्लॉट की रजिस्ट्री और एग्रीमेंट करने के नाम पर रुपये हड़पने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी वसीयतनामा बनाकर जमीन हड़पने की साजिश में शामिल था।

शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 04 जून 2025 को शमसाद अली खान निवासी त्यागी मार्केट, ईदगाह रोड, लोनी, गाजियाबाद ने थाना लोनी में लिखित तहरीर दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि डॉ. वीरेंद्र पुत्र हीरालाल, पवन शर्मा, सी.एल. शर्मा, उमरदराज उर्फ राजू और सलीम ने आपराधिक साजिश के तहत वादी के प्लॉट का फर्जी वसीयतनामा तैयार किया।

आरोपियों ने न केवल प्लॉट को अपना बताते हुए बेचने का प्रयास किया, बल्कि वादी से एग्रीमेंट के नाम पर रुपये भी ले लिए। बाद में प्लॉट पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की गई और रुपये वापस मांगने पर वादी को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई।

गंभीर धाराओं में केस दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लोनी पुलिस ने तत्काल धारा 420, 406, 467, 468, 471, 504, 506 एवं 120बी भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की।
वांछित आरोपी गिरफ्तार

लगातार दबिश के बाद थाना लोनी पुलिस टीम ने 13 जनवरी 2026 को चौकी अशोक विहार क्षेत्र से वांछित अभियुक्त उमरदराज उर्फ राजू कुरैशी पुत्र तोफिक, निवासी मोहल्ला जमालपुर, थाना लोनी, गाजियाबाद, उम्र लगभग 42 वर्ष को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

गिरफ्तार अभियुक्त ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों डॉ. वीरेंद्र, पवन शर्मा, सी.एल. शर्मा और सलीम के साथ मिलकर वादी के प्लॉट का फर्जी वसीयतनामा तैयार कराया और प्लॉट बेचने के नाम पर रुपये लिए। रुपये वापस मांगने पर वादी को धमकाने की बात भी उसने कबूल की।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

थाना लोनी पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

author

Related Articles

error: Content is protected !!