महराजगंज: जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा हेमछापर के पोखरा टोला में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव नीम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मृतक की पहचान सुभाष पासवान (लगभग 50 वर्ष) निवासी ग्राम जिंदापुर, थाना पीपीगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब आठ महीनों से गांव में स्थित मेराज जफर हाशमी की छावनी में काम कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव प्लास्टिक की रस्सी के सहारे पेड़ से लटका हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छावनी मालिक को बुलाया और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
छावनी मालिक मेराज जफर हाशमी के अनुसार मृतक पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था और उसका व्यवहार भी असामान्य प्रतीत हो रहा था।
इस संबंध में थानाध्यक्ष पनियरा राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।


