Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा बैठक में बोले नगर आयुक्त, गंदगी फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, जुर्माना भी लगेगा

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा बैठक में बोले नगर आयुक्त, गंदगी फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, जुर्माना भी लगेगा

गोरखपुर: नगर निगम सभागार में स्वच्छ भारत मिशन के तहत सोमवार को नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान शहर के चयनित 13 आदर्श वार्डों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिन क्षेत्रों में लोग खुले में गोबर या कूड़ा फेंककर गंदगी फैला रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि ऐसे लोगों पर जुर्माना लगाया जाए, चाहे वे यूज़र चार्ज भरते हों या नहीं। उन्होंने चेतावनी दी है कि स्वच्छता अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोगरवाल ने बताया कि जिन वार्डों में अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, उनका रूट चार्ट तैयार कर डोर-टू-डोर कलेक्शन सुनिश्चित किया जाए और इन वाहनों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी की जाए ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन कर्मचारियों का वेतन रोका गया है, उनकी स्थिति संबंधित निरीक्षक, वाहन प्रभारी और लेखा अधिकारी के माध्यम से स्पष्ट की जाए। साथ ही, आदर्श वार्डों में स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत टूल-किट के आधार पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी पार्षदों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएं तथा MRF और RRR सेंटर संचालकों के साथ समन्वय बढ़ाया जाए। प्रत्येक आदर्श वार्ड में IEC मोबिलाइज़र नियुक्त किए गए हैं, जो वार्ड स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाएंगे।

नगर आयुक्त ने बताया कि RRR सेंटर के माध्यम से उपयोगी सामग्री वितरण कार्यक्रम पार्षदों, स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, होम कम्पोस्टिंग को बढ़ावा देने के लिए कंपोस्टर वितरण कार्यक्रम पार्षदों की उपस्थिति में आयोजित होंगे।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!