Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

हनुमान जयंती पर कुशीनगर में बही भक्ति की बयार, कलश यात्रा के साथ महायज्ञ व रामकथा का शुभारंभ

हनुमान जयंती पर कुशीनगर में बही भक्ति की बयार, कलश यात्रा के साथ महायज्ञ व रामकथा का शुभारंभ

कुशीनगर: सेवरही विकासखंड के ग्राम सभा माधोपुर खुर्द में गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्री शतचंडी महायज्ञ एवं श्रीराम कथा का शुभारंभ श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के माहौल में हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और रामभक्तों की सहभागिता से पूरा क्षेत्र “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा।

यह आयोजन कर्नल राम कुंवर लाल श्रीवास्तव द्वारा अपने स्वर्गीय माता-पिता की स्मृति और उनकी इच्छा के सम्मान में कराया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष उनके द्वारा हनुमान मंदिर का निर्माण एवं भव्य प्रतिमा की स्थापना कराई गई थी। उसी क्रम में इस वर्ष ग्रामीणों के सहयोग से शतचंडी महायज्ञ और श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है।

हनुमान जयंती के पावन अवसर पर निकली कलश यात्रा में 551 कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। शोभायात्रा हाथी, घोड़े, बैंड-बाजे और सैकड़ों वाहनों के साथ दुर्गा मंदिर व हनुमान मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर पथरवां बउरहवा शिव मंदिर होते हुए बहिराबारी, दोमाठ, भगवानपुर और चैनपट्टी सहित कई गांवों का भ्रमण करती हुई शिवाघाट बांसी नदी तट पहुंची।

नदी तट पर यज्ञाचार्य पंडित अभिषेक शास्त्री, संदीप मिश्रा, उज्ज्वल पाठक तथा वाराणसी से पधारे विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों में पवित्र जल भरवाया। इसके बाद मंदिर परिसर में विधिवत कलश स्थापना कर महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण भी किया गया।

आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन शाम 6 बजे से 9 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन 9 अप्रैल को भंडारे के साथ होगा।

इस अवसर पर आयोजन समिति के संरक्षक कर्नल राम कुंवर लाल श्रीवास्तव, आम आदमी पार्टी के गोरखपुर जिला अध्यक्ष विजय कुमार श्रीवास्तव, अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव (मुकुल), उपाध्यक्ष नितेश श्रीवास्तव (राणाजी) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

author

Related Articles

error: Content is protected !!