Hindi Express News
  • August 22, 2026
  • Last Update August 17, 2026 8:12 AM
  • Lucknow

एक तरफ लाखों की चोरी, दूसरी तरफ छात्र की हत्या-लोनी में मचा हड़कंप, लगातार वारदातों से लोगों में डर का माहौल

एक तरफ लाखों की चोरी, दूसरी तरफ छात्र की हत्या-लोनी में मचा हड़कंप, लगातार वारदातों से लोगों में डर का माहौल

गाजियाबाद: लोनी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। चोरी, लूट, वाहन चोरी और हत्या जैसी वारदातों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। बीते 24 घंटों में सामने आई दो बड़ी घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहली घटना लोनी थाना क्षेत्र के बंथला गांव की है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए करीब 27 लाख रुपये की बड़ी चोरी को अंजाम दिया। मिली जानकारी के मुताबिक, चोरों ने पहले ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे परिवार के कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद बदमाश जीने की गुमटी की खिड़की उखाड़कर घर के अंदर दाखिल हुए और लाखों रुपये के जेवरात, नगदी के साथ विदेशी मुद्रा भी समेट ले गए।

पीड़ित अश्विनी शर्मा, जो नोएडा में एक एजुकेशन एजेंसी संचालित करते हैं, घटना के समय अपने बीमार बहनोई की देखभाल के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में मौजूद थे। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वॉड व फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं, दूसरी सनसनीखेज घटना लोनी के सिकरानी गांव के पास सामने आई, जहां एक ट्यूबवेल के नजदीक 12वीं के छात्र नितिन राणा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक नितिन बागपत के डोला गांव का निवासी था और पुलिस भर्ती परीक्षा व इंटरव्यू की तैयारी कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने नितिन की छाती और कनपटी पर करीब पांच गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल से बीयर की कैन और तीन गिलास बरामद हुए हैं, जिससे शुरुआती जांच में परिचित लोगों की संलिप्तता और आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे बिना किसी खौफ के बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।

author

Related Articles

error: Content is protected !!