गोरखपुर: चिलुआताल क्षेत्र में भाजपा नेता राजकुमार चौहान की दिनदहाड़े हत्या के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि “प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर को ही गोली मार दी गई है। अब भाजपा के ‘आस्तीनी अपराधी’ ही भाजपा सरकार का एनकाउंटर कर रहे हैं, जिन्हें उन्होंने ही पनपने का मौका दिया।”
उन्होंने आगे कहा कि गोरखपुर जैसे महत्वपूर्ण शहर में दिनदहाड़े हुई यह वारदात इस बात का संकेत है कि अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं है और उन्हें कहीं न कहीं संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने जनता को समझदार बताते हुए कहा कि लोग सच्चाई को भली-भांति समझ रहे हैं।
हत्या के पीछे रंजिश की आशंका
मृतक राजकुमार चौहान भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती थी। प्रारंभिक जांच में इस हत्या के पीछे आपसी या राजनीतिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों में से सात संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं।
इलाके में तनाव का माहौल
इस सनसनीखेज घटना के बाद बरगदवा और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग भय और आक्रोश में हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और लगातार गश्त की जा रही है।


