Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

महराजगंज में नवरात्रि से पहले प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने लेहड़ा देवी मंदिर में कसी तैयारियों की लगाम

महराजगंज में नवरात्रि से पहले प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने लेहड़ा देवी मंदिर में कसी तैयारियों की लगाम

महराजगंज: चैत्र नवरात्रि पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बृजमनगंज क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध आद्रवन लेहड़ा देवी मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नवरात्रि में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी पहलुओं की गहन समीक्षा की। मंदिर के पुजारियों से वार्ता कर दर्शन-पूजन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने मंदिर समिति एवं संबंधित विभागों के साथ बैठक कर साफ-सफाई, पेयजल और शांति व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। निर्देश दिए गए कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई हो तथा स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

डीएम और एसपी ने रूट प्लान, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की रणनीति का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाए और कंट्रोल रूम स्थापित कर हर गतिविधि पर नजर रखी जाए। साथ ही बैरिकेडिंग, पंडाल, विश्राम स्थल और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में बिजली व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह तैयार रहें।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे सभी लोग सुरक्षित और सुगमता के साथ दर्शन कर सकें तथा नवरात्रि का पर्व सफलतापूर्वक संपन्न हो।

हिंदी एक्सप्रेस न्यूज़ उत्तर प्रदेश पर विशेष फ़ोकस के साथ चलने वाला एक विश्वसनीय डिजिटल समाचार मंच है। जो स्पष्ट व निष्पक्ष खबरों के लिए सदैव तत्पर रहता है। जनपद हो, प्रदेश हो या देश-विदेश, सच्ची खबरों को देखने के लिए हमारे साथ लगातार जुड़े रहिए।

Related Articles

error: Content is protected !!