रामपुर: जिले की तहसील बिलासपुर की होनहार बेटी रिया जैन ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में 318वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे नगर का नाम रोशन किया है। रिया की इस बड़ी उपलब्धि से बिलासपुर नगर में खुशी और गर्व का माहौल है।

बिलासपुर के मोहल्ला साहूकारा निवासी अनाज व्यापारी अनिल जैन की बेटी रिया जैन की सफलता की खबर मिलते ही लोगों ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष चित्रण मित्तल भी रिया के आवास पहुंचे और उन्हें शॉल ओढ़ाकर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने रिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता पूरे बिलासपुर के लिए गर्व की बात है।
नगर पालिका अध्यक्ष चित्रण मित्तल ने कहा कि रिया जैन की उपलब्धि से नगर के युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और वे भी बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए आगे बढ़ेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि रिया भविष्य में देश सेवा करते हुए बिलासपुर और अपने परिवार का नाम और ऊंचा करेंगी।
परिजनों के मुताबिक रिया जैन बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रही हैं। स्कूल और कॉलेज के समय से ही उन्होंने कई शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल की हैं। पिछले तीन वर्षों से वह दिल्ली में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थीं, जिसका परिणाम आज उनकी सफलता के रूप में सामने आया है।
रिया जैन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता के लिए अनुशासित दिनचर्या, निरंतर अध्ययन और बेहतर टाइम मैनेजमेंट बेहद जरूरी होता है।
रिया की इस उपलब्धि पर नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। सम्मान समारोह में अधिशासी अधिकारी डॉ. नितिन गंगवार, लेखाकार अनिल सक्सेना, प्रताप सागर, अभिषेक कमल सक्सेना और विनोद जैन सहित कई लोग उपस्थित रहे।


