महराजगंज: परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झिंगटी टोला मुजहना में गुरुवार की देर शाम एक युवक का शव घर के अंदर छत की कुंडी से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक झिंगटी टोला मुजहना निवासी अरबाज अली (पुत्र इद्रीस) का मानसिक संतुलन ठीक नहीं बताया जा रहा है, जिसके कारण वह अक्सर इधर-उधर भटकता रहता था। गुरुवार की शाम घर के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे, जबकि उसकी मां मीना खेत में काम करने गई थीं। इसी दौरान अरबाज अली ने घर के अंदर छत की कुंडी में प्लास्टिक की रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
खेत से काम करके जब उसकी मां घर पहुंची तो बेटे को फंदे से लटका देखकर चीख-पुकार मचाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों की मदद से युवक को फंदे से नीचे उतारा गया। परिजन उसे जीवित होने की उम्मीद में नजदीकी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सेवतरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक के पिता ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक अपने पीछे माता-पिता के अलावा बड़ी बहन आशिया खातून (21), शाहजहां खातून (17), नूरजहां खातून (17) और दो छोटे भाई शाजिद (14) तथा सुलेमान (12) को छोड़ गया है। घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में सेवतरी चौकी प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने हिन्दी एक्सप्रेस न्यूज़ से बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, मामले की जांच की जा रही है।


