गाजियाबाद: नवंबर महीने में गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों को लेकर अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई की। पूरे माह चलाए गए अभियान में कुल 2,30,412 चालान काटे गए, जिनसे ₹39 करोड़ 30 लाख 58 हजार 800 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और लोगों में यातायात नियमों के प्रति अनुशासन बढ़ाना है।

सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना हेलमेट दोपहिया चालकों पर की गई। ऐसे 1,41,251 वाहनों के चालान किए गए, जो कुल कार्रवाई का सबसे बड़ा हिस्सा रहे। इसके अलावा 21,409 लोग रॉन्ग साइड ड्राइविंग करते पकड़े गए, जबकि 662 लोगों पर शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में चालान किया गया। अन्य अलग–अलग यातायात नियमों के उल्लंघन में 67,090 चालान किए गए।
पुलिस ने कार्रवाई के साथ–साथ जागरूकता को भी प्राथमिकता दी। नवंबर में ट्रैफिक टीम ने 240 स्कूलों और कॉलेजों में जाकर 1,40,944 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। इसके साथ ही पूरे जिले में लगभग 10 लाख लोगों को जागरूक किया गया। कई स्थानों पर मुफ्त हेलमेट वितरण अभियान भी चलाया गया, ताकि लोग सुरक्षा उपकरणों के महत्व को समझ सकें।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने कहा कि सख्ती केवल यातायात माह तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे वर्ष इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। उनका कहना है कि सड़क सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी है, और नियमों का पालन करने से सड़क हादसों में बड़ी कमी लाई जा सकती है।
उन्होंने बताया कि जल्द ही गाजियाबाद में ITMS (Integrated Traffic Management System) लागू किया जा रहा है। इसके तहत शहर के 41 प्रमुख चौराहों पर हाई-टेक कैमरे लगाए गए हैं, जो नियमों का उल्लंघन करने वालों के ऑटोमैटिक चालान जारी करेंगे। कंट्रोल रूम से ट्रैफिक का रियल-टाइम मॉनिटरिंग भी होगी, जिससे जाम बनने की स्थिति को पहले ही नियंत्रित किया जा सकेगा।


