बुलंदशहर: ब्लॉक प्रमुख के भतीजे सुफियान की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली देहात पुलिस ने इस सनसनीखेज कांड में भाजपा नेता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पिस्टल भी बरामद की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतेंद्र उर्फ पिंटू चौधरी, भूरा उर्फ रविन्द्र और बबलू उर्फ विजय के रूप में की है। सभी आरोपी आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना चार जनवरी की देर शाम हुई, जब आम के बाग की पैमाइश को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोपियों ने सुफियान से मारपीट और लूटपाट की, और अंततः उसे गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान छीनी गई पिस्टल भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि बाग के फ्रंट की पैमाइश के दौरान अचानक विवाद बढ़ा, जो हिंसक घटना में बदल गया। मामले में कुल आठ आरोपी नामजद हैं, जिनमें से तीन को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच अभी फरार हैं। पुलिस की टीमें उन्हें पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


