गाजियाबाद: इंदिरापुरम इलाके में मंगलवार की रात एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने संदिग्ध परिस्थितियों में सुसाइड कर लिया। युवक का शव बुधवार सुबह होटल के कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान मेरठ निवासी रजत प्रताप सिंह भाटी (27) के रूप में हुई है, जो नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था।
पुलिस के मुताबिक, रजत 2 नवंबर को शक्ति खंड-3 स्थित वन मॉल के पास एक ओयो होटल के रूम नंबर 203 में ठहरा था। वह पिछले तीन दिनों से वहीं रह रहा था। मंगलवार रात उसने अपने चार दोस्तों के साथ कमरे में पार्टी की थी। बुधवार सुबह करीब 8:40 बजे तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो होटल स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया।
कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो रजत का शव पंखे से लटका मिला। मौके से लैपटॉप, मोबाइल फोन और शराब की बोतल बरामद की गई। बताया जा रहा है कि रजत नशे का आदी भी था।
एसएचओ इंदिरापुरम रविंद्र गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस उन दोस्तों की तलाश में जुटी है जो मंगलवार रात पार्टी में मौजूद थे। होटल के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल्स भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।
मृतक के चाचा इंद्रपाल सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा,
“रजत को एक लड़की लगातार टॉर्चर कर रही थी। हमारा बेटा ऐसा कदम नहीं उठा सकता। मंगलवार शाम को उससे बात हुई थी, वह पूरी तरह सामान्य था। सुबह पुलिस से सूचना मिली तो हम मेरठ से गाजियाबाद पहुंचे।”
पुलिस अब लड़की और दोस्तों से पूछताछ कर आत्महत्या की वजह जानने में जुटी है।


