महराजगंज: दिवाली समापन और माँ लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन को लेकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने पनियरा थाना क्षेत्र के भौराबरी पुल के पास रोहिन नदी तट स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन के दौरान कोई भी अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहे। उन्होंने नदी किनारे की बैरिकेडिंग, रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती और महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता शांतिपूर्ण और सुरक्षित मूर्ति विसर्जन कराना है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को रणनीतिक रूप से तैनात किया गया है।
निरीक्षण के दौरान पनियरा थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जयप्रकाश यादव समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। एसपी मीना ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्वक और बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।


