Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

सात वर्षीय बालक की निर्मम हत्या का खुलासा, परिवार का ही युवक निकला आरोपी, पुलिस ने किया पर्दाफाश

सात वर्षीय बालक की निर्मम हत्या का खुलासा, परिवार का ही युवक निकला आरोपी, पुलिस ने किया पर्दाफाश

कुशीनगर: थाना जटहां बाजार क्षेत्र के ग्राम हिरनहीं बिन टोली में सात वर्षीय बालक की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। 23 फरवरी को बालक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचायतनामा, पोस्टमार्टम सहित सभी आवश्यक विधिक कार्यवाहियां पूरी कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुशीनगर के निर्देश पर थाना जटहां बाजार में मु0अ0सं0 20/2026 के तहत धारा 103(1) व 338(a) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना के शीघ्र अनावरण के लिए अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। लगातार की गई सघन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सुरागों के आधार पर पुलिस ने 25 फरवरी को आरोपी पिंटू उर्फ कोयल (उम्र लगभग 22 वर्ष), निवासी हिरनहीं बिन टोली, थाना जटहां बाजार को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आई दिल दहलाने वाली सच्चाई

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी लंबे समय से मायके में रह रही थी। इसी दौरान उसने अपने ही परिवार के सात वर्षीय बालक अंकुश को पैसे का लालच देकर एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां उसने बालक के साथ जघन्य अपराध किया। पहचान उजागर होने के डर से अभियुक्त ने अपनी बनियान से बालक का मुंह और नाक दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को खैरा माई स्थान के पास एक बखार में छिपा दिया।

धाराओं में बढ़ोतरी, अहम बरामदगी

पुलिस ने मामले में धारा 5(j)(iv)/6 तथा 5M/6 पोक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की है। जांच के दौरान मृतक की काले रंग की एक जोड़ी चप्पल, घटना के समय अभियुक्त द्वारा पहने गए कपड़े, अन्य आपत्तिजनक सामग्री और 52 रुपये नकद (मालमुकदमाती) बरामद किए गए हैं।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस मामले के सफल अनावरण में थानाध्यक्ष आलोक कुमार (थाना जटहां बाजार), निरीक्षक मनोज पंत (प्रभारी साइबर सेल), निरीक्षक रवि राय (डायल-112), निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह (स्वाट), निरीक्षक अनिल यादव (आईजीआरएस सेल) सहित उपनिरीक्षक देवब्रत यादव, विनोद सिंह, विकास कौल तथा कांस्टेबल शेरबहादुर सिंह, विश्वजीत राय और अनुराग यादव की भूमिका सराहनीय रही।

पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों के विरुद्ध अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि समाज में कानून का भय बना रहे।

author

Related Articles

error: Content is protected !!