गाजियाबाद: अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गाजियाबाद के निर्देशों के क्रम में जनपद गाजियाबाद के विभिन्न स्कूलों में अग्निशमन विभाग द्वारा चेकिंग एवं इवैक्यूएशन ड्रिल अभियान चलाया गया। अभियान के तहत छात्रों, छात्राओं एवं अध्यापकों को एकत्र कर आग से बचाव और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

इस क्रम में डीपीएस स्कूल सिद्धार्थ विहार, डीपीएस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल डासना, ग्रीन वैली स्कूल निवाड़ी रोड मोदीनगर, दीवान मेमोरियल अकादमी निवाड़ी रोड मोदीनगर तथा मदर टेरेसा स्कूल कौशांबी गाजियाबाद में अग्निशमन प्रणालियों की जांच की गई। परीक्षण के दौरान मौके पर उपस्थित लगभग 420 लोगों को अग्निशमन उपकरणों के संचालन का अल्पकालिक प्रशिक्षण दिया गया तथा आग से होने वाली जन-धन की क्षति के प्रति जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने स्कूल परिसरों में स्थापित विद्युत सुरक्षा प्रणालियों का विद्युत ऑडिट कराए जाने के निर्देश भी संबंधित प्रबंधन को दिए। साथ ही सभी स्कूल संचालकों को अग्निशमन प्रणालियों को सदैव ऑटो मोड पर कार्यशील अवस्था में रखने, आपात स्थिति में क्या करें और क्या न करें की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त सभी निकास मार्गों को हर समय अवरोध मुक्त रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।


