कुशीनगर: तरयासुजान थाना क्षेत्र स्थित सलेमगढ़ बाजार के प्राचीन शिव मंदिर में चोरी की वारदात ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को झकझोर दिया है। अज्ञात बदमाश मंदिर परिसर से पूरी दानपेटी ही उठाकर ले गए। बाद में उसका ताला तोड़कर दानराशि निकाल ली और खाली पेटी को पुरानी पंचायत भवन के पास झाड़ियों में फेंक दिया। घटना के बाद क्षेत्र में रोष का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक बहादुरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के इस प्राचीन शिव मंदिर में सोमवार देर रात चोरी की वारदात हुई। मंगलवार सुबह जब मंदिर के पुजारी और ग्रामीण प्रतिदिन की तरह साफ-सफाई और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो मंदिर परिसर से दानपेटी गायब मिली। यह देखकर सभी हैरान रह गए और तत्काल आसपास तलाश शुरू की गई। इसके साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन की, जिसके दौरान पुरानी पंचायत भवन के पास झाड़ियों में दानपेटी बरामद हुई। उसका ताला टूटा हुआ था और भीतर रखी पूरी दानराशि गायब थी। दानपेटी में कितनी राशि थी, इसका स्पष्ट आंकड़ा सामने नहीं आ सका है। बताया जा रहा है कि मंदिर में पिछले करीब पांच महीनों से मरम्मत कार्य चल रहा है, इसलिए इस दौरान दानपेटी नहीं खोली गई थी।
घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों पर भी चोरी की घटनाएं होना चिंता का विषय है। लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि यदि मंदिर जैसी आस्था की जगह भी सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है।
इस घटना ने क्षेत्र में पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि इस मामले पर पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के संभावित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और अज्ञात चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


