गोरखपुर: शहर के विस्तारीकरण और नए वार्डों के गठन के बाद नगर निगम अब हर गली-मोहल्ले को रोशन करने की तैयारी में जुट गया है। नगर निगम क्षेत्र में अब वार्डों की संख्या 70 से बढ़कर 80 हो गई है। 32 गांवों के शामिल होने के बाद कई इलाकों में स्ट्रीट लाइटों की जरूरत महसूस की जा रही है।
हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) की ओर से सीएसआर फंड से लगभग 1600 सोलर लाइटें लगाई जा रही हैं, वहीं नेडा के सहयोग से नगर निगम और 2500 लाइट लगाने की योजना पर काम कर रहा है।
शहर के 27 रूटों पर इन सोलर लाइटों के साथ-साथ डेकोरेटेड और ऑक्टोगोनल पोल भी लगाए जाएंगे। मुख्य सड़कों के अलावा अब मोहल्लों और गलियों में भी आकर्षक पोलों पर लाइटें लगाई जाएंगी। इसके साथ ही जहां चौराहों पर ज्यादा रोशनी की आवश्यकता होगी, वहां मिनी मास्ट भी लगाए जाएंगे।
नगर निगम के अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने बताया कि शहर में कुल मिलाकर करीब 4000 सोलर लाइटें लगाई जा रही हैं। एचयूआरएल और नेडा इसके लिए सहयोग कर रहे हैं। डेकोरेटेड पोल लगाने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी, जिसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।


