गोरखपुर: शारदीय नवरात्र के आठवें दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कुसम्ही जंगल स्थित लोक आस्था के केंद्र प्राचीन बुढ़िया माई मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने माता से प्रदेशवासियों के कल्याण और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर एवं नैसर्गिक कुंड का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुंड पर सस्पेंशन ब्रिज (झूला पुल) बनवाया जाए। अभी श्रद्धालु नाव से उस पार स्थित मंदिर तक पहुंचते हैं।
योगी आदित्यनाथ ने मंदिर में पुष्प अर्पित कर विधिविधान से पूजा, आरती और लोककल्याण की मंगलकामना की। इसके बाद उन्होंने बाल श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें चॉकलेट देकर आशीर्वाद भी दिया। बच्चों ने भी मुख्यमंत्री के प्रति उल्लास व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक महेंद्रपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महंत रविंद्रदास, चरगांवा की ब्लॉक प्रमुख वंदना सिंह, जीडीए बोर्ड सदस्य दुर्गेश बजाज सहित कई जनप्रतिनिधि और संत महात्मा मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के आगमन पर श्रद्धालुओं ने जयकारा लगाकर उनका स्वागत किया।


