महराजगंज: महराजगंज महोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। शनिवार को अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से महोत्सव स्थल का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने यातायात पुलिस के साथ पार्किंग स्थलों एवं डायवर्जन पॉइंट्स का चिन्हांकन करते हुए भीड़ नियंत्रण की रणनीति पर चर्चा की। अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि महोत्सव के दौरान बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए, ताकि वाहनों का अनावश्यक जमावड़ा न हो और यातायात सुचारु बना रहे।

इसके साथ ही वैकल्पिक मार्गों की पहचान एवं डायवर्जन प्लान को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एएसपी ने यह भी कहा कि महोत्सव स्थल के आसपास साइनेज बोर्ड, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक वार्डन की पर्याप्त तैनाती की जाए, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी थाने एवं यातायात इकाइयाँ नियमित निरीक्षण करें और किसी भी संभावित समस्या का तुरंत समाधान सुनिश्चित करें। प्रशासन की यह तैयारी “महराजगंज महोत्सव” को एक सुरक्षित, भव्य और व्यवस्थित आयोजन बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है, जिससे जनपद की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।


