महराजगंज: नगर पंचायत के कृष्णा नगर वार्ड नंबर 8 में गुरुवार दोपहर एक मामूली खेल ने ऐसा मोड़ ले लिया, जिसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की थी। दो बच्चे गोटी खेल रहे थे, तभी खेल को लेकर उनमें हल्का-फुल्का विवाद हो गया। बच्चों की नोकझोंक की आवाज सुनते ही घर के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और बात बढ़ते-बढ़ते आपसी मारपीट तक जा पहुँची।
इसी धक्का-मुक्की के दौरान 70 वर्षीय रामवृक्ष पुत्र जोखन अचानक जमीन पर गिर पड़े। बताया जाता है कि उनके सीने पर जोरदार चोट लगी, जिससे उनकी हालत तुरंत बिगड़ गई। लोगों ने हड़बड़ी में परिवार को बुलाया और परिजन उन्हें आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा लेकर पहुँचे। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पनियरा पुलिस स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया, परिजनों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की और शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर दहशत के साथ ही कई सवाल भी उठ रहे हैं कि आखिर साधारण-सी बच्चों की तकरार ने कैसे इतना गंभीर रूप ले लिया। पुलिस वर्तमान में सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और मारपीट में शामिल लोगों से पूछताछ जारी है।


