बुलंदशहर: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को शिकारपुर के रामलीला ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में जनपद के 16 ब्लॉकों से आए 130 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कुल 160 जोड़ों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 118 जोड़े हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लेकर विवाह सूत्र में बंधे, जबकि 12 मुस्लिम जोड़ों ने काजी द्वारा पढ़ाए गए कलमे के साथ निकाह किया।

कार्यक्रम के दौरान पूरा पंडाल खुशी के माहौल से गूंजता रहा। एक ओर पंडित मंत्रोच्चारण के बीच विवाह संस्कार करा रहे थे, वहीं दूसरी ओर मुस्लिम जोड़े अपने निकाह की रस्म पूरी कर रहे थे। इस अवसर पर प्रत्येक कन्या के खाते में 60,000 रुपये की वित्तीय सहायता डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। साथ ही 25,000 रुपये मूल्य की वैवाहिक सामग्री और आयोजन मद में 15,000 रुपये की राशि भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान कुछ फर्जी तरीके से पंजीकरण कराने वाले जोड़ों को अधिकारियों ने सतर्कता दिखाते हुए बाहर कर दिया। समारोह में शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा, समाज कल्याण अधिकारी रंजना सिंह, ब्लॉक प्रमुख पंकज कुमार गौतम, बीडीओ विभोर गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नवविवाहिता जोड़ों के सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। कार्यक्रम का सफल संचालन अनीता त्यागी ने किया, जबकि संपूर्ण व्यवस्था में अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।


