Hindi Express News
  • 02/03/2026
  • Last Update 01/03/2026 8:01 pm
  • Lucknow

गाजियाबाद: अग्निशमन विभाग ने स्कूलों में कराया इवैक्यूएशन ड्रिल, छात्रों और शिक्षकों को मिला अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण

गाजियाबाद: अग्निशमन विभाग ने स्कूलों में कराया इवैक्यूएशन ड्रिल, छात्रों और शिक्षकों को मिला अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण

गाजियाबाद: अग्नि सुरक्षा को लेकर गाजियाबाद जनपद में अग्निशमन विभाग द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट के निर्देशानुसार जनपद के विभिन्न स्कूलों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच के साथ-साथ इवैक्यूएशन ड्रिल का आयोजन किया गया।

अभियान के अंतर्गत मुरादनगर पब्लिक स्कूल, मुरादनगर तथा डीपीएस पब्लिक स्कूल, न्यू दिल्ली-सहारनपुर रोड, आर्य नगर लोनी, गाजियाबाद में अग्निशमन प्रणाली का गहन परीक्षण किया गया।

इस दौरान स्कूलों में मौजूद लगभग 180 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने की प्रक्रिया समझाई गई और अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग का अल्प प्रशिक्षण भी दिया गया।

अग्निशमन अधिकारियों ने आग से होने वाली जन-धन की क्षति के प्रति सभी को जागरूक करते हुए बताया कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही स्कूल परिसरों में स्थापित विद्युत सुरक्षा प्रणाली का विद्युत ऑडिट कराए जाने के निर्देश संबंधित विद्यालय प्रबंधन को दिए गए।

अधिकारियों ने सभी स्कूल संचालकों को यह भी निर्देशित किया कि विद्यालयों में स्थापित अग्निशमन प्रणाली सदैव ऑटो मोड पर एवं कार्यशील अवस्था में रखी जाए।

किसी भी आपात स्थिति में क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी स्टाफ और छात्रों को नियमित रूप से दी जाए। साथ ही सभी निकास मार्गों को हर समय अवरोध मुक्त रखने के निर्देश दिए गए।

अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण और जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे तथा अग्नि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

author

Related Articles

error: Content is protected !!