कुशीनगर: खड्डा थाना के कुछ सिपाहियों की आपसी बातचीत का कथित वसूली से जुड़ा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित सभी पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन तलब कर लाइन हाजिर कर दिया।
लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों में खड्डा थाना के आरक्षी शिवानंद सिंह, राजीव चौधरी, लालबहादुर यादव, रणजीत कुमार यादव और थाना कसया के आरक्षी रूपेश कुमार सिंह शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें सिपाही चाय पर चर्चा करते हुए आपस में बातचीत कर रहे थे। यह ऑडियो लगभग एक माह पुराना बताया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल होने के तुरंत बाद एसपी कुशीनगर ने मामले का संज्ञान लिया और संबंधित पुलिसकर्मियों को तलब किया। प्रारंभिक जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत सभी को लाइन हाजिर किया गया है।
प
लिस विभाग में इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अनुशासनहीनता, संदिग्ध आचरण और विभाग की छवि को धूमिल करने वाले कृत्यों पर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। ठंड और गलन भरे मौसम में यह कार्रवाई पुलिस महकमे के लिए ‘गर्मी’ पैदा करने वाली मानी जा रही है। आगे की जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


