Hindi Express News
  • July 15, 2026
  • Last Update July 14, 2026 10:20 PM
  • Lucknow

न मशीन मिली न पूरे पैसे, रोटावेटर सौदे में किसान के साथ धोखाधड़ी, फर्म बंद कर फरार हुआ दुकानदार

न मशीन मिली न पूरे पैसे, रोटावेटर सौदे में किसान के साथ धोखाधड़ी, फर्म बंद कर फरार हुआ दुकानदार

बुलंदशहर: अहमदगढ़ थाना क्षेत्र से किसान के साथ धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें रोटावेटर खरीद के नाम पर एक किसान को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। गांव नौरंगाबाद जगदीशपुर निवासी रामबाबू पुत्र तेजपाल सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि खेती के लिए नया रोटावेटर खरीदने हेतु उसने अहमदगढ़ स्थित जाहरवीर गोगा एग्रीकल्चर स्टोर से संपर्क किया था।

पीड़ित के अनुसार दुकानदार उदयवीर ने नया रोटावेटर देने का आश्वासन देकर उसका पुराना रोटावेटर ₹60,000 में ले लिया। इसके साथ ही कुछ नगद राशि भी ली गई और नया रोटावेटर देने के लिए ₹40,000 और देने की बात तय हुई। लेकिन सौदा तय होने के बाद न तो पीड़ित को नया रोटावेटर दिया गया और न ही उसके पुराने रोटावेटर व नगद राशि का पूरा भुगतान किया गया।

कुछ दिन बाद जब किसान ने दुकानदार से संपर्क करने की कोशिश की तो पता चला कि आरोपी ने अपनी फर्म बंद कर दी है और अहमदगढ़ से फरार हो गया है। आरोपी उदयवीर पुत्र लीलाधर, निवासी ग्राम बिनेर गढ़िया, तहसील अतरौली, जिला अलीगढ़ बताया जा रहा है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि इस धोखाधड़ी में उदयवीर का जीजा विक्रम सिंह पुत्र कुंदन सिंह, निवासी ग्राम महमदपुर खुर्द, थाना छतारी, की भी भूमिका रही है।

लगातार प्रयासों के बावजूद रुपये वापस न मिलने पर पीड़ित किसान ने अहमदगढ़ थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 406 (आपराधिक विश्वासघात) सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस संबंध में अहमदगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक प्रेमचंद शर्मा ने बताया कि किसान की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला किसानों को कृषि उपकरण खरीदते समय सतर्क रहने की चेतावनी भी देता है, क्योंकि इस तरह की धोखाधड़ी से न केवल आर्थिक नुकसान होता है बल्कि खेती का कार्य भी प्रभावित होता है।

Related Articles

error: Content is protected !!