रामपुर: बगड़खा गांव में गुरुवार-शुक्रवार की मध्य रात्रि उस समय हड़कंप मच गया, जब शादी के उल्लास के बीच चोरों ने दो घरों को निशाना बना लिया। खुशियों से भरा माहौल पल भर में दहशत और सन्नाटे में बदल गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की देर रात करीब 12:30 बजे बगड़खा निवासी अजय चंद्र पुत्र रमेश चंद्र और सुनील पुत्र नन्हे सैनी के घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। घर में लगन की रस्में संपन्न हो रही थीं। इसी दौरान अजय चंद्र की स्प्लेंडर प्लस बाइक (संख्या: UP22 AW 9734) घर के गेट पर खड़ी थी, जिसे अज्ञात चोर उठा ले गए।
जब बाइक मौके पर नहीं मिली तो परिजनों ने रिश्तेदारों से पूछताछ की और आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। घटना से पीड़ित परिवार काफी परेशान हो गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर थाना अजीमनगर और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच-पड़ताल शुरू की। पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार को दिन में भी गांव के अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी की घटनाएं हुई थीं। एक ही रात में दो घरों में चोरी से लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त को केवल कागजी औपचारिकता बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
इस संबंध में कोतवाल कर्मपाल ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। चोरी की सूचना कंट्रोल रूम में दर्ज करा दी गई है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।


